शिमला , अगस्त 11 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विभिन्न जिलों में तैनाती के लिए 46 नये अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार अग्निशमन बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवाओं को मजबूत करने के काम में जुटी है। इन्हीं प्रयासों के तहत श्री सुक्खू ने 46 नए त्वरित-प्रतिक्रिया अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखायी। इन 46 वाहनों में से नौ शिमला जिले को, आठ कांगड़ा को, पांच-पांच मंडी और सोलन को, तीन-तीन हमीरपुर, ऊना, चंबा और लाहौल-स्पीति को, दो-दो सिरमौर, बिलासपुर और कुल्लू को तथा एक किन्नौर को आवंटित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोगों की सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। आपदाओं एवं अन्य आपात स्थितियों के दौरान त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है। जरूरत पड़ने पर आम जनता को ये सेवायें सरलता से उपलब्ध हों, इसके लिए अन्य 37 नये अग्निशमन वाहनों की खरीद प्रक्रिया फिलहाल चल रही है।

श्री सुक्खू ने कहा कि सरकार ने राज्य भर में अग्निशमन सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 65.33 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी थी।वर्ष 2024-25 के दौरान, 9.60 करोड़ रुपये की लागत से 22 अग्निशमन वाहन खरीदे गये थे और संबंधित अग्निशमन इकाइयों में तैनात किये गये थे। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि आधुनिक अग्निशमन और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवाएं राज्य के हर हिस्से तक पहुंचे। अग्निशमन सेवा विभाग को आधुनिक तकनीक, उन्नत उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों से लैस किया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुसार फायर स्टेशनों, फायर पोस्टों, वाहनों, उपकरणों और जनशक्ति का विस्तार किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निशमन सेवाओं के लिए बुनियादी ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।

बिझड़ी में फायर पोस्ट भवन का निर्माण लगभग 4.85 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जा चुका है। नादौन और इंदौरा में सब-फायर स्टेशन भवनों के निर्माण पर 3.5-3.5 करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंडाघाट में सब-फायर स्टेशन के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किये गये हैं। नवनिर्मित और उन्नत सब-फायर स्टेशनों तथा फायर पोस्टों के लिए 3.85 करोड़ रुपये की लागत के आठ वॉटर टेंडर खरीदे जा रहे हैं।

श्री सुक्खू ने कहा कि नयी अग्निशमन इकाइयों की स्थापना और उन्नयन के माध्यम से अग्निशमन सेवाओं की पहुंच का विस्तार किया जा रहा है। ऊना जिले के टाहलीवाल को सब-फायर स्टेशन में उन्नत किया गया है, जबकि कांगड़ा जिले के चांगर क्षेत्र में एक नया फायर पोस्ट स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित अग्निशमन इकाइयों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन कर्मियों की विभिन्न श्रेणियों के 754 स्वीकृत पदों को भरा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित