चंडीगढ़ , जुलाई 07 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (एचपीपीसी) और उच्चाधिकार प्राप्त निर्माण क्रय समिति (एचपीडब्ल्यूपीसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की 340.84 करोड़ रुपये से अधिक की खरीद एवं विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बोलीदाताओं के साथ बातचीत के बाद सरकार ने कुल 15.11 करोड़ रुपये की बचत भी की।
बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एचपीडब्ल्यूपीसी के तहत नौ प्रस्तावों को 217.68 करोड़ रुपये की लागत पर स्वीकृति मिली, जिससे 8.08 करोड़ रुपये की बचत हुई। वहीं एचपीपीसी के चार प्रस्ताव 123.16 करोड़ रुपये में मंजूर किए गए, जिससे 7.03 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बचत हुई।
बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 11 केवी चोरी-रोधी मीटरिंग क्यूबिकल तथा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 11 केवी वीसीबी पैनल और अन्य विद्युत उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी गई। राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत प्रयोगशाला उपकरण खरीदने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित