उज्जैन , अक्टूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को आयोजित सेवा संकल्प सभा में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने स्थानीय विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का संबोधन सुना। संबोधन के बाद वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। इसके पश्चात आस्था गार्डन से शहीद पार्क तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मशाल लेकर हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में आमजन की सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है और इस अवसर पर संकल्प लेना चाहिए कि अपनी पूरी क्षमता के साथ देशसेवा करते रहेंगे।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा के यशस्वी जीवन का प्रत्येक पल राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री के स्वप्न को साकार करने के लिए आज से ही जुटना होगा। उन्होंने कहा कि कई राज्यों के साथ मध्यप्रदेश भी समान नागरिक संहिता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विधानसभा में इसका विधेयक पारित कर मध्यप्रदेश ने गौरव महसूस किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित