भिण्ड , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिण्ड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किश्त जारी करते हुए प्रदेश की लगभग एक करोड़ 25 लाख 15 हजार हितग्राही महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक हजार रुपये प्रतिमाह से शुरू हुई इस योजना के तहत अब पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में योजना के तहत 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। इस अवसर पर उन्होंने लहार में नए स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज की स्थापना की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। उनके अनुसार यह कानून सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपये की लागत से मिसाइल फैक्ट्री स्थापित की गई है तथा प्रदेश में बेरोजगारी दर कम करने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी, गौशालाओं को प्रोत्साहन, सरकारी बस सेवाओं का विस्तार तथा अन्य विकास योजनाओं पर कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने लहार क्षेत्र में सांदीपनी व्यवस्था पर आधारित चार विद्यालयों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही 238.96 करोड़ रुपये की लागत के 40 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास एवं पोषण प्रदर्शनी तथा महिला उद्यमियों के स्टॉलों का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, मंत्री राकेश शुक्ला, विधायक अम्बरीश शर्मा, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह तथा अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित