भोपाल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए रोजगारोन्मुखी नए कोर्स डिजाइन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कोर्स तैयार किए जाएं, जो प्रशिक्षण के बाद युवाओं को तुरंत रोजगार दिलाने में सहायक हों।

मुख्यमंत्री ने समत्व भवन में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और राज्य मंत्री गौतम टेटवाल भी उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना में देश में सर्वाधिक 11 हजार 400 प्रशिक्षणार्थियों का नामांकन मध्यप्रदेश में हुआ है। मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय स्तर पर जारी आईटीआई ग्रेडिंग में मध्यप्रदेश पांचवें स्थान पर रहा है और प्रदेश की 47 शासकीय आईटीआई को 10 में से 9 प्लस ग्रेडिंग स्कोर प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को डेयरी विकास, कृषि गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं। उन्होंने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की संख्या को दोगुना करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित