मुरैना , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मुरैना जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों के उपचार, पुनर्वास और समग्र विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र के न्यूरोलॉजिकल पुनर्वास कक्ष, बाल पुनर्वास कक्ष, शिशु एवं बाल चिकित्सा उपचार कक्ष तथा विद्युत चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, पुनर्वास व्यवस्था और उनकी प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने उन्हें अपने हाथों से बनाई गई गौशाला की पेंटिंग भेंट की। एक बच्चे ने सांकेतिक चित्रों के माध्यम से विभिन्न राष्ट्रीय प्रतीकों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी, घुटनों के सहायक पट्टे, दृष्टिबाधितों के लिए विशेष छड़ी, कॉलर बेल्ट और श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुरैना के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-एक का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से विज्ञान तथा गुरुत्वाकर्षण के विषय में चर्चा की। उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला और विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से विज्ञान विषय से जुड़े सवाल-जवाब किए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित