बैतूल , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल में आयोजित तेंदूपत्ता संग्राहक बोनस वितरण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का बारीकी से अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं के कामकाज, स्थानीय उत्पादों और नवाचारों की जानकारी ली। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मेधावी विद्यार्थियों को मिलने वाली सौगातें रहीं, जहां मुख्यमंत्री ने 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और स्कूटी वितरित की।
बैतूल जिले में कुल 1,731 विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा 230 विद्यार्थियों को स्कूटी का लाभ मिला, जिनमें से सांकेतिक रूप से 10 विद्यार्थियों को लैपटॉप और 30 को स्कूटी सौंपी गई।
विकास प्रदर्शनियों के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्टॉल पर आईओटी आधारित नल-जल योजनाओं की रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली की सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने पशुपालन विभाग की डेयरी प्लस, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु और आचार्य विद्यासागर योजनाओं, तथा मत्स्य विभाग के केज कल्चर का जायजा लिया।
उन्होंने 'शिक्षा संजीवनी अभियान' के तहत जनसहभागिता से स्कूलों में हो रहे अधोसंरचना विकास और स्मार्ट सुविधाओं की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कृषि, महिला सशक्तीकरण और कौशल विकास पर विशेष जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह की महिलाओं के तैयार मोटे अनाज और ब्रास मेटल हस्तशिल्प उत्पादों को देखा। उन्होंने कृषि कार्यों में महिलाओं के ड्रोन के इस्तेमाल और प्राकृतिक खेती से उपजे काले गेहूं, मूंग दाल व अश्वगंधा जैसे उत्पादों को सराहा। वन विभाग के स्टॉल पर कोदो-कुटकी, शहद और हस्तनिर्मित कलाकृतियों की भी उन्होंने तारीफ की। इसके साथ ही, कौशल विकास विभाग के तहत विद्यार्थियों के बनाए गए सोलर एनर्जी चार्जिंग स्टेशन और सोलर स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट ने भी विशेष ध्यान आकर्षित किया।
दौरे के दौरान मानवीय संवेदनाओं की अनूठी झलक देखने को मिली।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने नन्हीं बालिकाओं सनम सातपुते और रुचिका उईके को स्नेहपूर्वक दुलार किया तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र सौंपे। सामाजिक न्याय विभाग के स्टॉल पर दिव्यांग बच्चों द्वारा वेस्ट पेपर और हर्बल सामग्री से तैयार कलाकृतियों की उन्होंने भरपूर प्रशंसा की। उद्यानिकी विभाग की एमआईडीएच योजना के तहत उन्होंने एक हितग्राही को मिनी ट्रैक्टर की चाबी भी सौंपी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांसद माया नारोलिया और विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित