पटना , मई 15 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बिहार के लाल और टी-20 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य ईशान किशन को अंगवस्त्र तथा एक करोड़ का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने आज अपने कार्यालय कक्ष में श्री किशन से मुलाकात की और उन्हें आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा बिहार को गौरवांवित करने के लिए बधाई दी। इस मुलाकात में मुख्यमंत्री ने श्री किशन को अंगवस्त्र पहनाने के साथ एक करोड़ का चेक भी प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी कहा कि पुरुष टी-20 विश्व कप-2026 की भारत की जीत में बिहार के क्रिकेटर ईशान किशन ने बेहद महत्वूपर्ण भूमिका निभाई। श्री चौधरी ने कहा कि वह श्री किशन को भविष्य के लिए शुभकामनायें देते है और उम्मीद करते हैं कि वह और भी बड़े कीर्तिमान भारतीय क्रिकेट टीम के स्थापित करने के साथ देश तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री किशन बिहार के बच्चों के लिए प्रेरणा के श्रोत हैं और आने वाली पीढियां उनका अनुकरण करते हुए प्रदेश का नाम आगे बढ़ाएंगी।
उल्लेखनीय है कि आईसीसी टी-20 विश्व कप-2026 में भारत को मिली जीत में ईशान किशन की बड़ी अहम भूमिका थी। उन्होंने इस शीर्ष प्रतियोगिता के खेलते हुए 09 मैचों में 317 रन बनाये थे और पाकिस्तान के खिलाफ महज चालीस गेंदों में उनके बनाये 70 रनों ने इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारत की जीत की नींव रखी थी। देश और प्रदेश के खेल प्रेमी इस विश्वकप के फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ ईशान की सिर्फ 24 गेंदों पर चार चौके तथा चार छक्के की मदद से खेली गई 54 रनों की पारी को कभी नही भूलेंगे, जिसने भारत को विश्व विजेता के रूप में अपना ख़िताब बचाने में मदद की। लम्बे समय से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हासिये पर चल रहे ईशान किशन ने टी-20 विश्व कप-2026 से ठीक पहले घरेलू सैयद मुस्ताक अली प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को बाध्य किया था कि उन्हें भारतीय टीम में शामिल किये जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित