चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पकृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों को पुष्प रत्न और पुष्प सम्मान पुरस्कार प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक खेती को अपनाकर कृषि क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने कहा कि किसानों ने नवाचार, मेहनत और आधुनिक कृषि पद्धतियों के माध्यम से पुष्पकृषि में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पुष्पकृषि किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि विविधीकरण को भी प्रोत्साहित कर रही है। इस अवसर पर उन्होंने पुरस्कार विजेता किसानों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुष्प रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वालों में फरीदाबाद के ललित सैनी और छोटेलाल, पंचकूला के राहुल सिंह, रोहतक के राजकुमार, सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, सत्यनारायण और ज्ञानी राम, नारनौल की राजेश देवी, गुरुग्राम के केशव चौहान तथा पलवल के रणवीर सिंह शामिल रहे।
वहीं झज्जर जिले के सौंधी गांव के खजान सिंह को पुष्पकृषि क्षेत्र में विशेष उपलब्धियों के लिए पुष्प सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। आधुनिक बागवानी तकनीकों, अनुसंधान सुविधाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विस्तार से किसानों को अधिक लाभ मिलेगा तथा हरियाणा को पुष्पकृषि के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बागवानी क्षेत्र के सतत विकास और किसानों के हित में नवाचार आधारित योजनाओं को आगे बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित