भोपाल , जुलाई 28 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ करते हुए मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस के नियमित ठहराव तथा जबलपुर-वीरावल सोमनाथ एक्सप्रेस के नए स्टॉपेज की भी शुरुआत हुई। इस शुभारंभ के साथ निशातपुरा भोपाल का चौथा रेलवे स्टेशन बन गया।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, विधायक विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली से उज्जैन और इंदौर की ओर जाने वाली ट्रेनों को अब इंजन या ट्रैक बदलने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे रेल संचालन अधिक सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि मालवा एक्सप्रेस का वैष्णो देवी तथा सोमनाथ एक्सप्रेस का सोमनाथ धाम से सीधा जुड़ाव होने के कारण निशातपुरा स्टेशन का महत्व और बढ़ गया है। सिंहस्थ सहित भविष्य में बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए यह स्टेशन भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन पर भार कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत से विकसित निशातपुरा स्टेशन केवल रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा व्यापार, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद मध्यप्रदेश में लगभग 2,800 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और प्रदेश का संपूर्ण रेल नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, तीसरी-चौथी रेल लाइन तथा भोपाल में प्रस्तावित रेलवे कोच फैक्ट्री जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन का संचालन शुरू होना नरेला विधानसभा सहित पूरे भोपाल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात है और इससे शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित