पटना , अगस्त 13 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पुलिस एनकाउंटर में दिवंगत हुए भारत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है।
श्री चौधरी ने कहा कि न्यायिक जांच समिति की ओर से प्रस्तुत अंतरिम रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर दिवंगत भारत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी और साथ में सरकार ने परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत तिवारी की मौत के बाद परिवार को आर्थिक सहयोग और स्थायित्व प्रदान करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक सहायता और रोजगार न्यायिक जांच की अंतरिम रिपोर्ट में दी गई सिफारिशों एवं निष्कर्षों के अनुरूप प्रदान की जाएगी।
श्री चौधरी से शोकाकुल परिवार ने हाल ही में मुलाकात कर घटना का विवरण और अपनी पीड़ा साझा की थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें मामले में न्याय का आश्वासन दिया था।
उल्लेखनीय है कि भारत भूषण तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ में मौत की न्यायिक जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा कर रहे हैं। भोजपुर जिले में 17 जून को हुई इस घटना की जांच के लिए सरकार ने न्यायमूर्ति सिन्हा की अध्यक्षता में एक न्यायिक जांच समिति का गठन किया था। यह घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुई थी।
न्यायमूर्ति सिन्हा ने इस जांच को आगे बढ़ाते हुए बंद कमरे में मृतक के परिजनों से मुलाकात की और घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मी अक्सर उनके घर आते हैं, जिससे उनके बीच डर का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित