चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर झज्जर जिले के मुनीमपुर गांव का दौरा कर बादली विधानसभा क्षेत्र की 75.37 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने मुनीमपुर में 85 लाख रुपये की लागत से स्थापित पुष्पकृषि एवं बीज उत्पादन प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए पुष्पकृषि उत्कृष्टता का नया केंद्र किसानों को आधुनिक तकनीकों और गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन से जोड़ेगा।

इसके अलावा, बादली में 23.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मिनी सचिवालय एवं आवासीय परिसर तथा राय्या गांव में 13.27 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित बागवानी अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं प्रशासनिक सेवाओं और कृषि अनुसंधान को मजबूती प्रदान करेंगी।

शिक्षा क्षेत्र में पटोदा, लुहारी, खुदान, उखलचाना कोट और सुरहेती गांवों के सरकारी स्कूलों में लगभग 22.78 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए भवनों का भी उद्घाटन किया गया। इनसे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने 7.41 करोड़ रुपये की लागत से सोंधी और निमाना गांवों के लिए नई पेयजल आपूर्ति योजना का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संतुलित और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित