अलीराजपुर , फरवरी 27 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चंद्रशेखर आजाद को उनके 95वें बलिदान दिवस पर भाबरा में श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
श्री यादव ने इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के आदिवासी अंचलों का विशेष महत्व और पहचान है। आजाद का जीवन धन्य है। अलीराजपुर जिला आदिवासी संस्कृति और स्वाभिमान की भूमि है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी क्रांतिकारियों ने आभाव के बावजूद अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने भाबरा में आजाद पार्क बनाने के लिए पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। आजाद स्मारक को और दर्शनीय बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है।
उन्होंने अलीराजपुर जिले के लिए 57 किलोमीटर की नवीन सड़क के निर्माण की घोषणा की। साथ ही 171 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के काल में प्रदेश में बिजली नहीं थी। सड़कों की हालत खराब थी। गरीबों को समय पर इलाज भी नहीं मिलता था, लेकिन भाजपा के शासन में यह सब सुविधा उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने आज क्षेत्र के उदयगढ़ में भगोरिया मेले में शिरकत की और ढोल मांदल बजाया। मुख्यमंत्री का स्वागत मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक माधो सिंह डाबर आदि ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित