गोपालगंज,15जुलाई(वार्ता)बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बुधवार को गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र के सिधवलिया प्रखंड अंतर्गत जलालपुर एवं बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत देवकुली-शामपुर में नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का शुभ उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बिहार के शिक्षा मंत्री सह बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी ने दोनों स्थानों पर आयोजित समारोह में उपस्थित होकर महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ कराया।
शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव ला रही है। राज्य के हर छात्र-छात्रा को अपने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार नए शिक्षण संस्थानों की स्थापना की जा रही है।
श्री तिवारी ने कहा कि जलालपुर एवं देवकुली-शामपुर में डिग्री महाविद्यालयों के प्रारंभ होने से बैकुंठपुर विधानसभा सहित आसपास के हजारों विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेष रूप से बेटियों को अपने घर के निकट ही स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे महिला शिक्षा और सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित