रांची , सितंबर 13 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रक्षा बंधन के अवसर पर गढ़वा स्थित आर. के. सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्राओं काजल कुमारी एवं महालक्ष्मी केशरी द्वारा भेजी गई हस्तनिर्मित राखियों का उत्तर पत्र भेजकर दिया है।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने आज अपने पत्र के माध्यम से छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया और लिखा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पावन पर्व है। आपके द्वारा भेजी गई राखी प्राप्त हुई। आपका यह आत्मीय स्नेह एवं अपनापन पाकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई, इसके लिए हृदय से धन्यवाद। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप एवं आपका समस्त परिवार सदैव सुखी, स्वस्थ एवं प्रसन्न रहे।
मुख्यमंत्री का पत्र प्राप्त होने पर विद्यालय की प्राचार्या ने सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा छात्राओं की राखियों का मान रखना और उन्हें प्रोत्साहन देना पूरे विद्यालय एवं गढ़वा जिले के लिए प्रेरणादायी है। यह संदेश छात्राओं को शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित