बैतूल , जून 28 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रविवार को बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में किसान मारोती बावस्कर के खेत पहुंचकर स्वयं हल चलाया और खरीफ सीजन की मक्के की बुवाई कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री कुकरू प्रवास के दौरान सीधे किसान मारोती बावस्कर के खेत पहुंचे, जहां किसान अपने परिवार के साथ मक्के की बुवाई कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने फसल उत्पादन, सिंचाई, खेती की लागत, बाजार भाव तथा किसानों को मिल रही शासकीय योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
किसान मारोती बावस्कर ने बताया कि उनके पास लगभग डेढ़ एकड़ कृषि भूमि है, जिसमें इस वर्ष मक्के की बुवाई की जा रही है। उन्होंने खेती से जुड़ी चुनौतियों और अपेक्षाओं से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं हल चलाकर खेत में मक्के की बुवाई की। मुख्यमंत्री को पारंपरिक तरीके से कृषि कार्य करते देख ग्रामीणों और किसानों में उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण इस दौरान मौजूद रहे और मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण बीजों का उपयोग करने तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ेगा तथा किसानों की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने किसान मारोती बावस्कर और उनके परिवार को अच्छी फसल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार कृषि विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित