भोपाल , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पार्टी के पितृ पुरुष श्रद्धेय स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर यहां कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।

डॉ. यादव ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे उच्च कोटि के रणनीतिकार और कुशल संगठक थे। उनका जीवन सादगी, अनुशासन, समर्पण और कार्यकर्ताओं के निर्माण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नई पौध तैयार की और उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संगठन ने नई ऊंचाइयां प्राप्त कीं। उन्होंने कहा कि ठाकरे ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र एवं संगठन सेवा के लिए समर्पित किया और कार्यकर्ताओं को संगठन की शक्ति मानते हुए उन्हें राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के लिए तैयार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकरे ने जिस विचार और संकल्प के साथ जनसंघ से भाजपा तक संगठन को मजबूत किया, उसे आगे बढ़ाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने ठाकरे की स्मृति में परिसर में आंवले का पौधा भी लगाया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति की स्वीकार्यता का मूल आधार सांस्कृतिक राष्ट्रवाद है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण भारत के आराध्य हैं और सनातन संस्कृति सभी को साथ लेकर चलने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण का जीवन त्याग, कर्तव्य, शिक्षा, पराक्रम और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने उज्जैन में शिक्षा ग्रहण की थी। सरकार सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों का विकास कर गौरवशाली अतीत को वर्तमान से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में नई शक्ति और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है और प्रत्येक जिले में कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने, श्रीराम वन गमन पथ के विकास तथा जानापाव में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी मान्यता वाले देवस्थान के विकास की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने जैसे निर्णय और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा उस भारत के साकार होने का प्रमाण है, जिसकी कल्पना कुशाभाऊ ठाकरे और जनसंघ के संस्थापक महापुरुषों ने की थी। उन्होंने ठाकरे की जयंती पर उनके सादगी, समर्पण, संगठन निष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री एवं सांसद रजनीश अग्रवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, भोपाल महापौर मालती राय, पूर्व सांसद आलोक संजर, भोपाल जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित