चंडीगढ़ , अक्टूबर 19 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हांसी जिले के राखीगढ़ी में सात दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव-2026 का उद्घाटन किया। 'माटी से महोत्सव तक' थीम पर आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी भारत की प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। यहां संग्रहालय और व्याख्या केंद्र का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि अगले चरण के विकास के लिए 188 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऐतिहासिक विरासत को समझने और संरक्षित करने का आह्वान किया। महोत्सव में पुरातात्विक प्रदर्शन, सांस्कृतिक गतिविधियां और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि राखीगढ़ी के विकास से पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राचीन सभ्यता से जोड़ना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित