भिण्ड , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिण्ड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को दी जा रही आर्थिक सहायता का कांग्रेस लगातार विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां महिलाओं के प्रति सम्मानजनक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को देवी का स्वरूप माना गया है और राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए 10 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं। उनके अनुसार यह कानून सभी नागरिकों, विशेषकर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भिण्ड जिले के लिए 322 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 40 कार्यों का लोकार्पण तथा 83.33 करोड़ रुपये की 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने लहार में नए स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज की स्थापना की भी घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित