भोपाल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज एम्स भोपाल पहुंचकर कोटा में मिनी बस दुर्घटना और ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप हुए हादसे में घायल मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने एम्स के चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति, जारी उपचार और दवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और उन्हें बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. यादव ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत की और कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। इस अवसर पर अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर कोटा में हुई दुर्घटना में घायल बैतूल के 14 मरीजों को उपचार के लिए एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। वहीं, ग्वालियर हादसे में घायल दो मरीजों को भी एयरलिफ्ट कर एम्स भोपाल लाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित