रायपुर , जुलाई 21 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित राज्य के अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनसे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंगलवार को चयनित अभ्यर्थियों से सौजन्य मुलाकात के दौरान साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है तथा अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा का अवसर ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इसका उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा प्रशासनिक अधिकारी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित