जमुई , मार्च 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी 18 मार्च को प्रस्तावित 'समृद्धि यात्रा' को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

कार्यक्रम के सफल और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और पुलिस उप-महानिरीक्षक मुंगेर राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने अधिकारियों को नवनिर्मित कुंड घाट जलाशय, निर्माणाधीन हेलीपैड तथा मुख्य सभास्थल का भ्रमण कराया। इस दौरान कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति से अवगत कराया गया। साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए लगाए जाने वाले विभिन्न विभागों के स्टॉल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

श्री मीणा ने स्थल निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर आम लोगों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को मिशन मोड में आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अंतिम तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया, जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने विस्तृत चर्चा की।

पुलिस उप-महानिरीक्षक और जिला प्रशासन ने हेलीपैड से लेकर मुख्य सभास्थल तथा कुंड घाट जलाशय तक सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की। वीआईपी मूवमेंट के लिए निर्धारित मार्ग, भीड़ नियंत्रण और रणनीतिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती जैसे विषयों पर विस्तार से योजना बनाई गई। साथ ही सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड में रहने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया।

इस मौके पर विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित