रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में परिवारजनों के साथ विधि-विधान से भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि और विवेक के प्रतीक हैं तथा किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत उनकी आराधना से करने की प्राचीन परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव आस्था के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करने वाला पर्व है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति में तीज-त्योहारों और उत्सवों का विशेष महत्व है। ये पर्व लोगों को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ परिवार और समाज को एक सूत्र में पिरोते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परिवारजन, मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. धीरेंद्र तिवारी, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह तथा मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित