भोपाल , नवम्बर 08 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में आयोजित मिलन समारोह में मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिकारियों और आम नागरिकों से शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री निवास को दीपों, रंगोली और फूलों से सजाया गया था।
समारोह में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, लोक स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, पूर्व सांसद आलोक संजर, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संत-वृंद उपस्थित रहे।
दीपावली मिलन के दौरान समाजसेवियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा अपने क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाजहित में कार्य करने वाली संस्थाओं को राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में जारी विकास और कल्याणकारी गतिविधियों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया तथा प्रदेश के विकास के लिए संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि माता महालक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से हर घर खुशहाली से आलोकित हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित