चंडीगढ़ , अक्टूबर 25 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अमृतसर स्थित पवित्र भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर माथा टेककर देश और प्रदेश में शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। तीर्थ स्थल पहुंचने पर उनका श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि जयंती की देशवासियों और हरियाणा के लोगों को शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार समाज को समानता, भाईचारे, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हैं।

श्री सैनी ने कहा कि भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का महत्वपूर्ण ग्रंथ है। इसकी शिक्षाएं लोगों को सत्य, धर्म, कर्तव्य और मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी के विचारों को अपनाकर समाज में एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित