चंडीगढ़ , मई 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से ज्ञान स्थल मंदिर सेवा सोसायटी, लुधियाना के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और उन्हें 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले 346वें मासिक विधवा राशन वितरण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संस्था द्वारा जरूरतमंद एवं विधवा महिलाओं के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था लंबे समय से समाज के कमजोर वर्गों को राशन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना एक पुण्य कार्य है। ऐसी संस्थाएं समाज में सामाजिक मूल्यों, मानव सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञान स्थल मंदिर सेवा सोसायटी भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती रहेगी।
लुधियाना में आयोजित होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में जरूरतमंद महिलाओं को राशन सामग्री वितरित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित