देहरादून , जून 19 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने से संबंधित निर्माण कार्यों तथा सार्वजनिक सुविधाओं, आपदा राहत आदि के लिए कुल 289 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की हैं।

श्री धामी ने जनपद हरिद्वार के भूपतवाला में पाईप लाईन बिछाने को 4.67 करोड़ रुपए, विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के शहरी विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लिए 01 करोड़, जनपद अल्मोड़ा के विकासखण्ड कनालीछीना के ग्राम पंचायत सुरूण में कालसीन देवता मंदिर में धर्मशाला निर्माण एवं मार्ग का चौड़ीकरण एवं सौन्दर्थीकरण किए जाने को 27.02 लाख तथा किच्छा विधानसभा के ग्राम दरूऊ में डा. भीमराव अम्बेडकर पार्क एवं तालाब के सौन्दर्याकरण किए जाने को 25.00 लाख रुपये की धनराशि की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री द्वारा गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर हेतु कुल 150 करोड़ के सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 75.00 करोड, जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट के अन्तर्गत पांखू में विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण के लिए 9.43 करोड़ के सापेक्ष 5.00 करोड़ रुपए स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। उन्होंने देहरादून उत्तर शाखा के अन्तर्गत राष्ट्रपति आशियाना के बागवानी के लिए एसटीपी उपचारित जल की आपूर्ति के लिए 2.81 करोड़ रुपए तथा विधानसभा मसूरी की अपर सौंधोवाली रिवर घाटी पेयजल योजना को 4.24 करोड़ के साथ ही देहरादून नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने, प्रमुख चौराहों के सुधार आधुनिकीकरण आदि के लिए 33.45 करोड़ रुपए की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री श्री धामी द्वारा आपदा राहत के तहत जनपद पिथौरागढ़ के तहसील धारचूला के 23, मुनस्यारी के 16, तेजम के 14, बंगापानी के 10 , पिथौरागढ़ के 05, बेरीनाग के 05, कनालीछीना के 02 एवं डीडीहाट के 05 परिवार सहित कुल 78 परिवारों की सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र पुनर्वासित अथवा विस्थापित किये जाने को 3.81 करोड़ रुपए, वन्य जीवों द्वारा मानव मृत्यु, पशु क्षति, फसल क्षति तथा मकान क्षति के प्रकरणों के भुगतान को विगत वर्षों के अवशेष देनदारियों को 20 करोड़ तथा वर्तमान में उक्त प्रकरणों के लिए आकस्मिक रूप से प्राप्त होने वाली मांग के दृष्टिगत् 10 करोड अर्थात् कुल 30 करोड रुपए की धनराशि राज्य आपदा मोचन निधि से स्वीकृत करने के साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग के अर्न्तगत विश्व बैंक सहायतित परियोजना यू-प्रियेपर को 75.00 करोड़ रुपए की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया गया है।

इतना ही नहीं, श्री धामी ने जनपद उधमसिंह नगर के विधान सभा क्षेत्र खटीमा में ग्राम जोगीढेर नगला में 06 किमी हॉट मिक्स रोड के निर्माण कार्य को 6.02 करोंड़, विधान सभा क्षेत्र खटीमा में मुख्य रोड़ से खकरा क्रोकोडाईल ट्रेल तक मोटर मार्ग के निर्माण कार्य को 3.45 करोड़ रुपए के साथ ही दीवानी न्यायालय परिसर खटीमा में आवासीय भवनों के निर्माण कार्य को 01 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। उन्होंने देहरादून में सहस्त्रधारा स्थित हैलीपैड में उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी, सहस्त्रधारा, देहरादून के मौजूदा कॉन्फ्रेंस हॉल और वेटिंग लाउंज सहित विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 1.36 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया। उन्होंने जनपद हरिद्वार के जिला न्यायालय में सीसीटीवी कैमरे संयोजित/स्थापित कराने को व्यय धनराशि 1.28 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के तहत नाबार्ड के अर्न्तगत, सहसपुर (ऑगमेन्टेशन) पेयजल योजना को 21.00 करोड़ एवं शंरपुर हुकुमतपुर (ऑगमेन्टेशन) पेयजल योजना 19.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किये जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इसके अलावा, उन्होंने विधानसभा क्षेत्र चंपावत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय मटौली में ओपन जिम के बनाने को 99.44 लाख, माँ पूर्णागिरी धाम के सेमागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाईल्स कार्य को 19.68 लाख के साथ ही जनपद पिथौरागढ़ में नगर पालिका गंगोलीहाट क्षेत्र के अंतर्गत मां हाटकालिका मंदिर मार्ग एवं सभी वार्डों में एल. ई. डी. स्ट्रीट लाईट स्थापित किए जाने संबंधी कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में बल्टा मोटर मार्ग का नाम शहीद स्व. भूपाल सिंह के नाम पर रखे जाने का अनुमोदन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित