नैनीताल , अप्रैल 11 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ अप्लाइड साइंसेज में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव 'स्पेक्ट्रम 2026' का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग के नवनिर्मित भवन का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों को नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और संकल्प शक्ति से भारत सुरक्षित और मजबूत बनेगा।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें सही दिशा देने की है। उन्होंने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि यह पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान के छात्र देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और कई छात्र प्रशासनिक सेवाओं, सेना तथा स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, मुद्रा योजना और अटल इनोवेशन मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

राज्य सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही, मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संस्थान में ड्रोन लैब की स्थापना और कंप्यूटर विभाग के उच्चीकरण के लिए 50 लाख रुपये तथा ऑडिटोरियम के लिए फर्नीचर हेतु अतिरिक्त 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित