चम्पावत , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में चंपावत के काली कुमाऊँ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की प्रतीक होली महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से इस महोत्सव का शुभारंभ किया।
दीवान सिंह लड़वाल स्टेडियम में दीप प्रज्वलन के साथ इस महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊँ की होली अनूठी है और यहां की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
साथ ही उन्होंने कहा कि जनपद चम्पावत को आदर्श एवं श्रेष्ठ जिला बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जनपद में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेन्टर, सड़क निर्माण, आईएसबीटी निर्माण, शारदा रिवर फ्रंट डेवेलपमेंट, गोल्ज्यू कॉरिडोर समेत विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर है।
इसके साथ ही कहा कि गत वर्षों में जनपद में रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है, जिससे पर्यटन को नई गति मिली है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा 'हाउस ऑफ हिमालयाज' केंद्रों के विस्तार से महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली है और आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परम्पराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष आह्वान किया कि वे अपनी लोक संस्कृति और परम्पराओं से जुड़े रहें तथा आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाए रखें।
इस दौरान जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों ने पारंपरिक होली गायन में प्रतिभाग किया गया। समिति के अध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, मानेश्वर महादेव मंदिर के पीठाधीश्वर धर्मराज पुरी महाराज समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित