चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के लिए 5 मई को विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन को नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जिनकी पारिवारिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इच्छुक लाभार्थी 15 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए नजदीकी सीएससी सेंटर या मोबाइल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

योजना का लाभ लेने के लिए हरियाणा का निवासी होना और परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। साथ ही, आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, यात्रा के लिए फिट होने की स्वयं घोषणा और पिछले तीन वर्षों में योजना का लाभ न लेने का प्रमाण देना होगा।

वरिष्ठ नागरिक अपने साथ एक सहायक को पूर्ण भुगतान पर ले जा सकते हैं। वहीं 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग या अधिक आय वाले व्यक्ति भी पूर्ण शुल्क देकर यात्रा कर सकते हैं। योजना के तहत प्रत्येक व्यक्ति को तीन वर्षों में एक बार ही लाभ मिलेगा और चयन "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर होगा।

सरकार द्वारा यात्रियों के ठहरने, भोजन और स्थानीय परिवहन की पूरी व्यवस्था की जाएगी।

पंजीकरण के बाद आवेदकों को अपने जिले के जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में 16 अप्रैल से पहले सूचना देना अनिवार्य है, ताकि समय पर सूची रेलवे को भेजी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित