भोपाल , मार्च 03 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भोपाल के कोलार रोड स्थित डीडीएक्स प्लाजा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म शतक का प्रदर्शन देखा।

फिल्म देखने के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्र विचार का जो पौधा रोपा था, वह आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि संघ ने आजादी से पहले ही आजाद भारत के स्वरूप की कल्पना कर ली थी और एक सशक्त राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से कार्य प्रारंभ किया था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्र विचार के भाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए फिल्म को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है। अन्य कई राज्यों में भी इसे करमुक्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राष्ट्रभक्ति की अलख जगाने का कार्य किया है। संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिव गोलवलकर ने संगठन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। संघ साहित्य, चिकित्सा, मजदूर, किसान और विद्यार्थी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फिल्म नई तकनीक के माध्यम से तैयार की गई है और युवाओं को प्रेरणा देने का कार्य करेगी। उन्होंने आमजन से फिल्म देखने की अपील की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित