भोपाल , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस, राष्ट्रीय अभियंता दिवस और ऋषि पंचमी पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र हमारी शक्ति, पहचान और हमारे अधिकारों का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अभियंता दिवस पर भारत रत्न से सम्मानित महान अभियंता डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. विश्वेश्वरैया ने अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और समर्पण से राष्ट्र निर्माण में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी अभियंताओं को राष्ट्रीय अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं। डॉ. विश्वेश्वरैया की जयंती को राष्ट्रीय अभियंता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
डॉ. यादव ने ऋषि पंचमी पर्व पर भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सप्तऋषियों की दिव्य ज्ञान परंपराएं, तपस्या और त्यागमय जीवन हमें सदैव उच्च विचारों और श्रेष्ठ कर्मों की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस पावन अवसर पर सप्तऋषियों के आदर्शों को अपनाकर धर्म, सत्य और सदाचार के पथ पर अग्रसर होने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित