उज्जैन , मई 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन प्रवास के दौरान पवित्र शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचकर हरसिद्धि पाल से रामघाट मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से चौड़ीकरण कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है और विकास कार्य इस प्रकार किए जा रहे हैं, जिससे पौराणिक एवं धार्मिक नगरी उज्जैन को लंबे समय तक लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन के नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा सभी धर्मों के अनुयायी इन कार्यों का समर्थन कर रहे हैं और सहयोग प्रदान कर देश के सामने नई मिसाल पेश कर रहे हैं।

रामघाट मार्ग चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने होमगार्ड द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव प्रशिक्षण का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि होमगार्ड के 250 जवानों को बाढ़ बचाव के लिए डीप डाइविंग, नाव संचालन, स्विमिंग, लाइफ जैकेट के उपयोग, आपदा राहत सामग्री के प्रयोग, अंडरवाटर रेस्क्यू और सर्फेस वाटर रेस्क्यू का 15 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित