उज्जैन , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन में पदोन्नत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उनके कंधों पर स्टार तथा हवलदार पद पर पदोन्नत कर्मचारियों को फित्ती लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री के उज्जैन आगमन पर हेलीपैड पर कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक नवनीत भसीन सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपिका शिंदे और उप पुलिस अधीक्षक भरत सिंह यादव ने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिसकर्मी की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उत्कृष्ट कार्यशैली और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में शांति और सद्भाव कायम रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदोन्नत अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ करेंगे तथा पुलिस विभाग की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित