बड़वानी , अक्टूबर 26 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह बड़वानी जिले के जामली (सेंधवा) स्थित गायत्री धाम में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग, आध्यात्मिक चेतना, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सद्भावना एवं सत्कर्मों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शरद पूर्णिमा के साथ दीपावली का शुभारंभ हो गया है। प्रत्येक व्यक्ति के मन में सद्भावना बनी रहे, दुर्विचार समाप्त हों और जीवनभर सत्कर्म होते रहें। उन्होंने कहा कि जीवन में मिले समय और ऊर्जा का उपयोग अच्छे कार्यों के लिए करना चाहिए। महाकाल, भगवान श्रीकृष्ण और मां गायत्री की कृपा से प्राप्त जीवन का अधिकतम सदुपयोग करते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने वैदिक वाक्य 'यत् पिण्डे तत् ब्रह्माण्डे' का उल्लेख करते हुए कहा कि मानव शरीर में विद्यमान तत्वों का व्यापक स्वरूप ब्रह्मांड में भी दिखाई देता है। प्रकृति, वनस्पति, पंचतत्व और प्राणतत्व मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शरीर से आगे आत्मा की यात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर भी विचार व्यक्त किए।

डॉ. यादव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए। आध्यात्मिक चेतना, सद्भावना और सत्कर्मों को अपनाकर समाज एवं राष्ट्र के कल्याण में योगदान दिया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित