भोपाल , अगस्त 21 -- नई दिल्ली में 21 और 22 अगस्त को आयोजित ईटी वर्ल्ड लीडर्स फोरम-2026 में मध्यप्रदेश की विकास संभावनाओं, निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षेत्र में राज्य की नई दिशा पर विशेष चर्चा होगी। फोरम के दूसरे दिन 22 अगस्त को 'एमपी : अनलॉकिंग द हार्ट ऑफ इंडिया' विषय पर विशेष फायरसाइड चैट आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश की आर्थिक एवं औद्योगिक विकास यात्रा, निवेश की संभावनाओं तथा राज्य को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने के प्रयासों पर विचार साझा करेंगे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निवेशकों तथा उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। फोरम में देश और दुनिया के प्रमुख उद्योगपति, नीति-निर्माता तथा वैश्विक विशेषज्ञ सहभागिता कर रहे हैं।
फोरम में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र की संभावनाओं पर भी विशेष सत्र आयोजित होगा। 22 अगस्त को 'वीविंग द फ्यूचर : बिल्डिंग एन इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल वैल्यू चेन इन एमपी' विषय पर होने वाले सत्र में उद्योग सचिव जॉन किंग्सली, ओरिएंट क्राफ्ट के संस्थापक सुधीर धींगरा तथा पीडब्ल्यूसी इंडिया के रानेन बनर्जी सहभागिता करेंगे। सत्र में मध्यप्रदेश में एकीकृत टेक्सटाइल वैल्यू चेन के विकास, उद्योगों के विस्तार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
फोरम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वैश्विक पूंजी, नई अर्थव्यवस्था, ऊर्जा संक्रमण, व्यापार एवं आपूर्ति श्रृंखला, भारत-अमेरिका संबंध तथा वैश्विक निवेश जैसे विषयों पर भी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। फोरम मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता, औद्योगिक अवसरों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित