भोपाल , अगस्त 12 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 अगस्त को राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। समारोह से पहले मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस, एसएएफ, सीआईएसएफ, जेल गार्ड, होमगार्ड, एनसीसी तथा स्काउट गाइड की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री को संयुक्त परेड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य स्तर के साथ ही जिला, जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

जिला स्तर पर समारोह सुबह नौ बजे शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रीगण अथवा कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और परेड की सलामी होगी। मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस संदेश का भोपाल से सीधा प्रसारण सुबह 9.25 से 9.55 बजे तक किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में संक्षिप्त बधाई संदेश का वाचन भी किया जाएगा।

जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष तथा पंचायत मुख्यालयों पर सरपंच ध्वजारोहण करेंगे। ऐसी नगर पालिका और नगर परिषद, जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नहीं है, वहां अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्ष की तरह सुबह आठ बजे या उससे पहले ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन होगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूल-कॉलेजों में खेलकूद, कौशल प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालयों पर स्वतंत्रता दौड़ भी आयोजित होगी। शिक्षण संस्थाओं में मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रभातफेरी निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी समारोहों में प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी। विभिन्न समारोहों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 और 15 अगस्त की रात प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।

सामान्य प्रशासन विभाग ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों तथा प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके प्रतिनिधि द्वारा घर जाकर शाल और श्रीफल से सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित