भिण्ड , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 जुलाई को भिण्ड जिले के लहार पहुंचेंगे, जहां वे एक कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री भाजपा विधायक अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) के निवास पर पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर शोक संवेदना भी व्यक्त करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम पहले मेहगांव के मंडी परिसर में प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे लहार स्थानांतरित कर दिया गया। कार्यक्रम के मद्देनजर मंत्री राकेश शुक्ला, कलेक्टर किरोड़ीलाल मीना तथा अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व निर्धारित स्थल पर तैयारियों का जायजा भी लिया था।

मुख्यमंत्री का लहार प्रवास दोपहर लगभग एक बजे से तीन बजे तक प्रस्तावित है। देर शाम तक कार्यक्रम स्थल का अंतिम चयन नहीं हो सका था। बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन पक्के स्थान पर आयोजन की व्यवस्था करने में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री के लहार आगमन की सूचना मिलते ही विधायक अम्बरीश शर्मा ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित