भोपाल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को मुंबई में आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे रसायन एवं पेट्रोकेमिकल उद्योग में मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, अधोसंरचना और राज्य की औद्योगिक नीतियों से निवेशकों तथा उद्योग प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे।
भारत सरकार के रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय तथा फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 14वें द्विवार्षिक सम्मेलन में प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल होंगे। उद्घाटन कार्यक्रम में ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे।
सम्मेलन के पहले दिन मुख्य कार्यपालक अधिकारियों का फोरम, कारोबारी नेटवर्किंग और भारत-अमेरिका, भारत-जापान तथा भारत-यूरोपीय संघ के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल फोरम आयोजित होंगे। इनमें व्यापार, औद्योगिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले उद्योगों को पुरस्कार दिए जाएंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन 23 अक्टूबर को विशेष रसायन, पेट्रोकेमिकल, औद्योगिक अधोसंरचना, पर्यावरण, संयंत्र एवं मशीनरी, पंप-वाल्व और कृषि रसायन जैसे विषयों पर परिचर्चाएं होंगी। 24 अक्टूबर को भी प्रदर्शनी जारी रहेगी। सम्मेलन में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में तकनीकी विकास, औद्योगिक विस्तार और व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर मंथन होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित