पटना , मई 27 -- बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सम्पर्कता उपलब्ध कराने एवं दूरस्थ बसावटों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत ऐसे गाँवों एवं टोलों को बारहमासी सड़कों से जोड़ा जा रहा है, जहाँ अब तक आवागमन की समुचित सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

उल्लेखनीय है कि इस योजना के अंतर्गत सभी जिलों में कुल 31,719 सड़कों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लंबाई 43,583 किलोमीटर है। वहीं इस दिशा में कुल 25,551 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिनकी कुल लंबाई 35,184 किलोमीटर है। जबकि शेष सड़कों का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है।

इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्कता सुदृढ़ होने से आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। इससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं बाजार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुँचने में सहूलियत हो रही है। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है। विभाग ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी एवं संतुलित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित