पटना , जून 25 -- बिहार में ग्रामीण संपर्कता को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत अब तक 35,311 किलोमीटर लंबी पक्की सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।बिहार के ग्रामीण अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और सुदूर गांवों में सुरक्षित एवं बारहमासी यातायात सुनिश्चित करने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग निरंतर तेजी से कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत विभाग ने राज्य भर में पक्की सड़कों का एक सुदृढ़ जाल बिछाया है। इस योजना के अंतर्गत संपूर्ण बिहार में अब तक 35,311 किलोमीटर पक्की सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इस योजना के तहत पूरे राज्य में 25,661 ग्रामीण पथों का निर्माण कर हजारों गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत पूरे बिहार के सभी 38 जिलों में कुल 31,719 ग्रामीण पथों के निर्माण के लिये प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल अनुमानित लंबाई 43,581 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इस लक्ष्य की दिशा में विभाग ने धरातल पर अत्यंत तीव्र गति से कार्य किया है। राज्य के मुजफ्फरपुर जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1,649 पथों का निर्माण पूर्ण कर 2,382 किलोमीटर लंबी सड़कें बनाई जा चुकी हैं। वहीं मधुबनी जिले में 2,315 किलोमीटर तथा पूर्वी चंपारण जिले में 2,127 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण सुनिश्चित किया जा चुका है।

इस योजना के जमीनी क्रियान्वयन में राज्य के अन्य जिलों में भी प्रगति दर्ज की गई है। इस दिशा में सीमांचल के अररिया जिले में 2,165 किलोमीटर ग्रामीण संपर्कता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त पूर्णिया जिले में 1,762 किलोमीटर, कटिहार में 1,569 किलोमीटर, सारण में 1,222 पथों के माध्यम से 1,459 किलोमीटर और दरभंगा जिले में 1,447 किलोमीटर सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है। दक्षिण बिहार के बांका जिले में भी 1,010 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का निर्माण कर यातायात को सुगम बना दिया गया है।

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत हो रहे इन वृहद निर्माण कार्यों से राज्य के ग्रामीण जनजीवन और स्थानीय अर्थव्यवस्था में एक बड़ा बदलाव आ रहा है। ग्रामीण कार्य विभाग बिहार के हर अंतिम गांव और बसावट को मुख्य मार्गों से जोड़कर शत-प्रतिशत ग्रामीण संपर्कता का लक्ष्य हासिल करने के लिए पूर्णतः कृतसंकल्पित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित