जयपुर , अप्रैल 12 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के किसानों को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उन्हें किसान के केवल 15-20 दिन ही काम करने की बातें नहीं करनी चाहिए।

श्री गहलोत ने रविवार को यहां मीडिया से बातचीत में इस संबंध में किये सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा "अब क्या बोलूं मैं मुख्यमंत्री के बारे में। वो 20 दिन काम कर सकते हैं। खुद किसान बन सकते हैं। किसान तो थे ही ये। किसान ही थे ये तो और वो मुख्यमंत्री बने तो अनुभव काम में लें।"उन्होंने कहा "अब पता नहीं खुद ही 20 दिन काम करते होंगे। मुझे तो यही लगता है कि ये केवल नाम की किसानी कर रहे होंगे और खुद ही 15-20 दिन मुश्किल से जाते होंगे वही अनुभव इनका काम आ रहा है और बोल रहे हैं कि किसान लोग सभी 15-20 दिन ही काम करते हैं।"श्री गहलोत ने कहा कि किसान खून-पसीना बहाता है, लगातार महीनों तक मेहनत करता है, तब जाकर फसल आती है। फिर ओलावृष्टि हो जाती है, कोई बीमारी लग जाती है, फसल खराब हो जाती है। तब उस पर क्या गुजरती है। इसलिए इस प्रकार की बातें किसान के बारे में नहीं करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित