बैतूल , अक्टूबर 23 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित बैतूल दौरे और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन और वन मंडलाधिकारी नवीन गर्ग ने स्थानीय पुलिस ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मंच निर्माण, जनसभा में लोगों के बैठने की व्यवस्था, अतिथियों और दूर-दराज से आने वाले हितग्राहियों के आवागमन तथा प्रवेश और निकास मार्गों का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा मानकों और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्थाएं करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए गए। प्रशासन ने कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों और हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा है।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गणेश जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित अन्य जिला एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित