भिण्ड , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में किसानों के लिए आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वर्चुअल संबोधन के समय बिजली गुल होने से कार्यक्रम प्रभावित हुआ। घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक मनीष गौतम और उप महाप्रबंधक नवाब सिंह परिहार को नोटिस जारी कर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में पांच सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोपहर करीब 1.15 बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। कलेक्टर की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश तीन सितंबर को ही दिए गए थे। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिसे संबंधित अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता का द्योतक बताया गया है।

नोटिस में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के तहत एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार संकल्पित है और पूरा वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने भिण्ड जिले में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि तीन हजार से अधिक किसानों ने 1250 हेक्टेयर क्षेत्र में प्राकृतिक खेती अपनाई है।

उन्होंने बताया कि जिले में 60 गौशालाएं संचालित हैं और दुग्ध संकलन में 31 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ग्राम पांडरी में स्वावलंबी गौशाला में पांच हजार गौवंश के स्थायी आश्रय की व्यवस्था की जा रही है। मत्स्य पालन में आधुनिक तकनीक के जरिए 25 लाख रुपये से अधिक की लागत से आठ मीट्रिक टन उत्पादन हुआ है।

श्री यादव ने कहा कि चंबल-कालीसिंध-पार्वती लिंक परियोजना से भिण्ड जिले को लाभ मिलेगा। सिमार स्टॉप डेम से 210 हेक्टेयर तथा कनेरा उद्वहन सिंचाई परियोजना से 15 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वर्तमान में राजघाट नहर, चंबल नहर प्रणाली और हरसी नहर प्रणाली से एक लाख 62 हजार 381 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है।

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर प्रदेशभर में उत्सव के माहौल में बलराम कृषि महोत्सव मनाया जा रहा है और किसान इसमें उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम में मंत्री राकेश शुक्ला और विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 प्रगतिशील किसानों को शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें फलोद्यान नर्सरी, नर्सरी विकास, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, केंचुआ खाद उत्पादन, उन्नत तकनीक से टमाटर-मिर्च उत्पादन तथा देशी बीज संरक्षण करने वाले किसान शामिल रहे।

कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निराली बघेल, कृतिका दुबे, प्रिंसी, साक्षी शर्मा, छवि परमार, सोनम देवी, साहिल यादव और अभय शर्मा को भी सम्मानित किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उद्यानिकी, पशुपालन, मृदा स्वास्थ्य और उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी।

कार्यक्रम स्थल पर किसान पंजीयन, ई-केवाईसी और फार्मर आईडी के स्टॉल लगाए गए। विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी के साथ स्वसहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय भी किया गया।

इस अवसर पर एपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष सरोज बघेल, नागरिक आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष संजीव कांकर, जिला पंचायत सीईओ वीर सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, किसान और नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित