उज्जैन , अगस्त 04 -- मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्रावण-भाद्रपद मास के दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने निःशुल्क भोजन प्रसादी की विशेष व्यवस्था की है।

मंदिर प्रबंध समिति द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए शहर के तीन प्रमुख प्रवेश मार्गों पर निःशुल्क भोजन प्रसादी वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। पहला केंद्र इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी ब्रिज के समीप मधुश्री होटल के पास, दूसरा बड़नगर रोड स्थित मुल्लापुरा तथा तीसरा देवास रोड स्थित नागझिरी पर संचालित किया जा रहा है। इन तीनों केंद्रों पर प्रतिदिन लगभग चार से पांच हजार कांवड़ यात्री एवं श्रद्धालु निःशुल्क भोजन प्रसादी का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

भोजन वितरण केंद्रों पर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, पौष्टिक एवं सात्विक भोजन के साथ पेयजल, स्वच्छता तथा सुव्यवस्थित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संपूर्ण व्यवस्था का संचालन किया जा रहा है। सभी भोजन प्रसादी केंद्रों की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण एवं समन्वय किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से भोजन प्रसादी उपलब्ध हो सके। समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क भोजन प्रसादी केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित