मुरैना , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार को मुरैना आगमन से पहले पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष मधुराज तोमर को उनके घर पर नजरबंद कर दिया। पुलिस सुबह करीब 9:45 बजे उनके आवास पहुंची और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें घर से बाहर नहीं जाने दिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उनका घेराव कर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई की।

जिला कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के सामने विरोध दर्ज कराने की घोषणा की थी। कांग्रेस बिजली, पानी, साफ-सफाई की व्यवस्था और जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं जैसे मुद्दे उठाना चाहती थी।

कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय और प्रदेश कांग्रेस सचिव जशवीर सिंह के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास प्रदर्शन करने पहुंचे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू होने से पहले की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित