उज्जैन , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली उज्जैन में राज्य स्तरीय महर्षि संदीपनी गुरु पर्व का भव्य आयोजन 29 जुलाई को किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महर्षि संदीपनी गुरु पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महर्षि संदीपनी गुरु पर्व को इस वर्ष राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में उज्जैन के गीता भवन में आयोजित होने वाले इस समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित