भुवनेश्वर , अक्टूबर 19 -- ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी पर संवैधानिक मर्यादा तोड़ने का आरोप लगाया है।
पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने कटक में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम का इस्तेमाल भाजपा से जुड़े अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रचार के लिए किया और छात्रों से इस संगठन से जुड़ने की अपील की।
बीजद मुख्यालय में सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पार्टी विधायक डॉ. व्योमकेश रे, बीजू युवा जनता दल के अध्यक्ष चिन्मय साहू और बीजू छात्र जनता दल की अध्यक्ष इप्शिता साहू ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने एक आधिकारिक कार्यक्रम को राजनीतिक प्रचार के मंच में बदल दिया है।
यह विवाद खेल और युवा सेवा विभाग द्वारा कटक के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक 'युवा नेतृत्व कार्यक्रम' को लेकर है, जिसमें पूरे ओडिशा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से चुने गए छात्र प्रतिनिधि शामिल हुए थे। श्री रे ने आरोप लगाया कि श्री माझी ने छात्रों से एबीवीपी को वोट देने और संगठन के साथ काम करने की अपील की।
श्री रे ने राजनीतिक प्रचार के लिए सरकारी मंच के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आधिकारिक कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों के बीच के अंतर को मिटाकर संवैधानिक मर्यादा को कमजोर किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि छुट्टी का दिन होने के बावजूद विश्वविद्यालय के कुलपतियों और कॉलेज के प्रधानाचार्यों के दबाव में छात्रों को इस कार्यक्रम में लाया गया था।
बीजद नेताओं ने इस घटना को हाल ही में हुए छात्रसंघ चुनावों से जोड़ते हुए दावा किया कि 'जेन जेड' मतदाताओं ने भाजपा को नकार दिया है और राज्य के 60 प्रतिशत से अधिक कॉलेजों में बीजद समर्थित उम्मीदवार जीते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में मन मुताबिक समर्थन न मिलने के बाद अब सरकार छात्रों को लुभाने के लिए सरकारी कार्यक्रमों और सार्वजनिक धन का इस्तेमाल कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित