CM Omar Abdullah watches 'Mirzapur: The Movie' at INOX Multiplexश्रीनगर , सितंबर 08 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को श्रीनगर के शिवपोरा स्थित आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स में 'मिर्जापुर : द मूवी'' देखी।

यह फिल्म 'रंग-ए-सिनेमा' थीम पर आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव जम्मू-कश्मीर (आईएफएफजेके) के दौरान दिखाई जा रही फिल्मों में से एक है।

इस स्क्रीनिंग ने मुख्यमंत्री को फिल्म प्रेमियों और दर्शकों के साथ मिलकर सिनेमा के इस उत्सव का अनुभव करने का मौका दिया।

मुख्यमंत्री श्री अब्दुल्ला ने आईएफएफजेके का उद्घाटन कल शाम शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (एसकेआईसीसी) में किया था। यह महोत्सव देश-विदेश के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों को एक साथ ला रहा है और इसमें कई तरह की फिल्में दिखायी जा रही हैं।

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 'मिर्ज़ापुर : द मूवी' के मुख्य कलाकारों से बातचीत की। इनमें पंकज त्रिपाठी शामिल थे, जो अपने मशहूर किरदार 'कालीन भैया' को फिर से निभा रहे हैं और दिव्येंदु भी थे, जो हिट मिर्जापुर सीरीज में 'मुन्ना भैया' के किरदार के लिए जाने जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कलाकारों का सम्मान किया और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में उनका स्वागत किया और महोत्सव के पहले संस्करण में उनकी भागीदारी पर खुशी जताई।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रमुख कलाकारों और फिल्म निर्माताओं की मौजूदगी से सिनेमा के साथ इस क्षेत्र का जुड़ाव और मजबूत होगा और यहां एक जीवंत फिल्म पारितंत्र बनाने में मदद मिलेगी।

चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में दुनिया भर से फिल्म निर्माता, कलाकार, प्रतिनिधि और सिनेमा प्रेमी शामिल हो रहे हैं। इसमें 30 से ज्यादा देशों की भागीदारी है और इस दौरान 130 से ज्यादा फिल्में दिखाई जा रही हैं।

फिल्म महोत्सव का आयोजन जम्मू-कश्मीर और सिनेमा के बीच गहरे रिश्ते का जश्न मनाने के लिए किया जा रहा है। साथ ही, यह फिल्म निर्माताओं और दर्शकों को दुनिया भर की अलग-अलग सिनेमाई परंपराओं से जुड़ने का मंच भी प्रदान करता है।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग, श्रीनगर के उपायुक्त अक्षय लाब्रू, सूचना निदेशक श्रेया सिंघल और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित