श्रीगंगानगर , जून 23 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर मंगलवार को श्रीगंगानगर में जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया।
कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, सांस्कृतिक एकता और अखंड भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि ताकत व्यक्ति के पद या साधनों में नहीं बल्कि उसके विचारों और संस्कारों में होती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग वक्त के सांचे में ढल जाते हैं जबकि कुछ लोग वक्त के सांचे को बदल देते हैं। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ऐसे ही युगदृष्टा थे जिन्होंने राष्ट्र को सांस्कृतिक एकता का अमर संदेश दिया।
पूर्व विधायक बलवीर सिंह लूथरा ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का बलिदान राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए था। उनके आदर्श और सिद्धांत अब भी देश को नयी दिशा प्रदान कर रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित